शिमला के प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, दयानंद पब्लिक स्कूल खाली कराया गया

WhatsApp Channel Join Now
शिमला के प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, दयानंद पब्लिक स्कूल खाली कराया गया


शिमला, 04 मई (हि.स.)। राजधानी शिमला में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई नामी प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। एहतियात के तौर पर शिमला के प्रतिष्ठित दयानंद पब्लिक स्कूल को तुरंत खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल प्रबंधन को एक गुमनाम ई-मेल के जरिए धमकी मिली, जिसमें शहर के कुछ स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। जैसे ही यह सूचना मिली, स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को तुरंत घर ले जाने के लिए कहा। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

स्कूल प्रबंधन ने शुरुआत में अचानक छुट्टी किए जाने का कारण स्पष्ट नहीं किया, लेकिन बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि यह कदम बम की धमकी के चलते उठाया गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि एक गुमनाम ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और अभी तक किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस की साइबर सेल इस ई-मेल को भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल देखा गया, हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।

गौरतलब है कि दयानंद पब्लिक स्कूल में इस तरह की बम की धमकी पहली बार सामने आई है। इससे पहले हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट, जिला एवं सत्र न्यायालय और हिमाचल प्रदेश सचिवालय को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। पिछले कुछ समय से इस तरह के मेल भेजे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं, हालांकि हर बार जांच के बाद ये धमकियां झूठी साबित हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story