संगड़ाह के 22 वर्षीय युवक का शव खाई से बरामद

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 21 अगस्त (हि.स.)। सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के तहत संगड़ाह गांव के रहने वाले 22 वर्षीय शुभम उर्फ हन्नी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक गहरी खाई से बरामद हुआ है। युवक पिछले कुछ समय से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहा था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने संगड़ाह थाने में दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद से ही पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर बारीकी से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस इस मुख्य पहलू की पड़ताल कर रही है कि युवक की जान खाई में गिरने से हुई दुर्घटना के कारण गई है या फिर इस घटना के पीछे कोई और संदिग्ध वजह है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज, नाहन भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सटीक वजह का खुलासा हो पाएगा।

मामले की पुष्टि करते हुए सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि शुभम का शव बरामद कर लिया गया है और पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर गहन छानबीन कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story