हिमाचल में आठ बीएमओ पदोन्नत, एक अधिकारी की पदोन्नति रद्द

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 12 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिशों के आधार पर आठ ब्लॉक मेडिकल अधिकारियों को पदोन्नति देकर उप निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक और प्रधानाचार्य (प्रशिक्षण) के पदों पर तैनाती दी गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में तैनात एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी का कांगड़ा तबादला किया गया है।

एक अन्य मामले में सुपरिटेंडेंट ग्रेड-2 की पदोन्नति रद्द करते हुए उसे एक वर्ष के लिए भविष्य में पदोन्नति के विचार से बाहर कर दिया गया है।

स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, आठ अधिकारियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-24 में नियमित पदोन्नति दी गई है। इस वेतन स्तर में 91,500 रुपये से 2,03,400 रुपये तक का वेतन निर्धारित है। पदोन्नत अधिकारियों को अपने नए पदों पर पांच दिन के भीतर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में डॉ. विशाल महाजन को उप निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं मुख्यालय के साथ राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र, परिमहल, शिमला के प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. पुष्प राज को मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर, डॉ. अनुपम गुप्ता को चिकित्सा अधीक्षक सिविल अस्पताल रोहड़ू, जिला शिमला और डॉ. सतीश कुमार फोतेदार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर बनाया गया है।

इसी आदेश के तहत डॉ. मनीषा अग्रवाल को चिकित्सा अधीक्षक टीबी सेनेटोरियम धर्मपुर, जिला सोलन, डॉ. राधा शर्मा को चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू और डॉ. सपना शर्मा को मुख्य चिकित्सा अधिकारी लाहुल-स्पीति के पद पर पदोन्नति दी गई है। डॉ. अमित रंजन तलवार को उप निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं मुख्यालय शिमला के पद पर तैनाती दी गई है।

सरकार ने इन पदोन्नतियों के संबंध में यह भी स्पष्ट किया है कि ये उच्च न्यायालय में लंबित विभिन्न याचिकाओं के अंतिम फैसले के अधीन रहेंगी। यानी इन मामलों में अदालत के अंतिम निर्णय का असर पदोन्नत अधिकारियों की नियुक्ति पर पड़ सकता है।

उधर, स्वास्थ्य सेवाएं मुख्यालय में उप निदेशक के पद पर कार्यरत डॉ. ओमेश कुमार भारती का जनहित में तबादला किया गया है। वह वर्तमान में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, शिमला में प्रतिनियुक्ति पर हैं। आदेश के अनुसार उन्हें कांगड़ा में धर्मशाला स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रिक्त पद पर तैनात किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने एक अन्य मामले में सुपरिटेंडेंट ग्रेड-2 प्रीतम सिंह की पदोन्नति का आदेश भी रद्द कर दिया है। प्रीतम सिंह ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कार्यालय जंजैहली, जिला मंडी में तैनात हैं। उन्हें मार्च और अप्रैल 2026 में जारी आदेशों के तहत सुपरिटेंडेंट ग्रेड-1 (ग्रुप-ए) के पद पर पदोन्नति दी गई थी।

अब विभाग ने उनकी पदोन्नति तत्काल प्रभाव से वापस ले ली है। इसके साथ ही उन्हें 3 जुलाई 2027 तक भविष्य में पदोन्नति के लिए विचार से एक वर्ष के लिए डिबार किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के इन आदेशों से प्रदेश के स्वास्थ्य प्रशासन में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story