नाहन में खूनी संघर्ष: सगे भाई और भाभी ने दराट से किया जानलेवा हमला

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 10 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक बड़ा चौक में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब संपत्ति या काम रुकवाने के विवाद को लेकर एक सगे भाई और भाभी ने मिलकर अपने ही भाई पर दराट से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी झड़प में पीड़ित के दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया, जो बाजार में ही कहीं गिर गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी ताल (रतन भवन) के रहने वाले राम प्रकाश बुधवार सुबह करीब 10:00 बजे बड़ा चौक स्थित अपनी दुकान के भीतर मजदूर हरप्रीत सिंह और हरजीत से सफाई का काम करवा रहे थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई दुर्गेश और उनके दिवंगत भाई राजकुमार की पत्नी नीलम वहां पहुंचे। दोनों ने दुकान का काम रुकवाने की कोशिश की, जिसे लेकर उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

बहसबाजी इतनी बढ़ गई कि दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से राम प्रकाश को घेर लिया। भाभी नीलम ने राम प्रकाश को आगे से घेरा ताकि वह भाग न सके। इसी बीच छोटा भाई दुर्गेश दौड़कर सामने स्थित राकेश की जूस की दुकान पर गया और वहां नारियल काटने के लिए रखा तेज धारदार दराट उठा लाया। दुर्गेश ने पीछे से राम प्रकाश की गर्दन को निशाना बनाते हुए दराट से दो जोरदार वार किए।

हमले के दौरान जब राम प्रकाश ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो दराट सीधे उनके दाहिने हाथ पर जा लगा। वार इतना जोरदार था कि उनके दाहिने हाथ का अंगूठा कटकर पूरी तरह से अलग हो गया और बाजार में ही रास्ते में कहीं गिर गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लहूलुहान हालत में पीड़ित को उपचार के लिए ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना नाहन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी दुर्गेश और उसकी भाभी नीलम को तुरंत हिरासत में ले लिया है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने घटना की पुस्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना के कारणों (पारिवारिक या संपत्ति विवाद) का पता लगाया जा रहा है। आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story