छात्रों की आवाज दबाना बंद करे सरकार, फीस बढ़ोतरी पर तत्काल निर्णय ले : सनी शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
छात्रों की आवाज दबाना बंद करे सरकार, फीस बढ़ोतरी पर तत्काल निर्णय ले : सनी शुक्ला


शिमला, 20 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन से तत्काल बातचीत की मांग की है। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सनी शुक्ला ने वीरवार को कहा कि छात्रों की समस्याओं को नजरअंदाज करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से मांगें उठा रहे हैं, सरकार और प्रशासन को उनसे संवाद करना चाहिए।

सनी शुक्ला ने कहा कि फीस में बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। हिमाचल के दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से विद्यार्थी विश्वविद्यालय में पढ़ने आते हैं। सीमित आय वाले परिवारों के लिए बढ़ी फीस अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। उन्होंने फीस बढ़ोतरी पर पुनर्विचार की मांग की।

उन्होंने विश्वविद्यालय के संसाधनों के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रशासन से पारदर्शिता के साथ स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय की संपत्ति और वित्तीय संसाधनों का इस्तेमाल विद्यार्थियों की शिक्षा, शोध, सुविधाओं और संस्थान के विकास के लिए होना चाहिए।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार की समस्या भी गंभीर है। उन्होंने सरकारी भर्तियों को पारदर्शी और समयबद्ध करने, निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने तथा कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

शुक्ला ने कहा कि भाजयुमो छात्रों की जायज मांगों के साथ खड़ा है। यदि फीस बढ़ोतरी पर पुनर्विचार नहीं हुआ और आंदोलनरत विद्यार्थियों से संवाद नहीं किया गया, तो संगठन युवाओं को साथ लेकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि युवा टकराव नहीं, शिक्षा, रोजगार और सम्मान के साथ भविष्य बनाना चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story