ऑपरेशन सिंदूर और सेना पर टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
ऑपरेशन सिंदूर और सेना पर टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, मंत्री को बर्खास्त करने की मांग


शिमला, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किए। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डा. सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में विभिन्न जिला मुख्यालयों में कार्यकर्ताओं ने मंत्री के पुतले जलाए और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। युवा मोर्चा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने और इस मामले में सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की है।

भाजयुमो ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान का बचाव कर रहे हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि सेना के सम्मान से जुड़े मामले में मुख्यमंत्री को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्पष्ट रुख रखना चाहिए। युवा मोर्चा ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री कब तक अपने मंत्री को संरक्षण देते रहेंगे। उसने मांग की कि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और मुख्यमंत्री उन्हें मंत्रिमंडल से हटाएं।

सेना के सम्मान को राजनीतिक विवाद से अलग रखने की मांग

भाजयुमो ने कहा कि भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल की नहीं, पूरे देश की है। ऑपरेशन सिंदूर में जवानों ने साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। ऐसे सैन्य अभियान को लेकर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां करना सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को आहत कर सकता है। संगठन के अनुसार सेना के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सभी राजनीतिक दलों को एकजुट रहना चाहिए।

युवा मोर्चा ने कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर भी निशाना साधा। उसने आरोप लगाया कि सेना और देश की उपलब्धियों से जुड़े विषयों पर कांग्रेस के नेता बार-बार विवादित बयान देते रहे हैं। भाजयुमो ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सेना के सम्मान को राजनीतिक हितों से ऊपर रखा जाना चाहिए।

कल भी होंगे प्रदर्शन, आंदोलन जारी रखने का ऐलान

डा. सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में भाजयुमो ने घोषणा की कि मंत्री के बयान के विरोध में मंगलवार को भी प्रदेश के विभिन्न जिलों में प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि जब तक सरकार इस मामले में जवाबदेही तय नहीं करती, उसका विरोध जारी रहेगा।

भाजयुमो ने मुख्यमंत्री से स्पष्ट करने को कहा है कि वह मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ खड़े हैं या सेना के सम्मान के साथ। संगठन ने कहा कि प्रदेश का युवा भारतीय सेना के सम्मान, देश की एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के मुद्दे पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781886 Articles

Share this story