तीन साल में युवाओं को केवल धोखा और अपमान मिला : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
तीन साल में युवाओं को केवल धोखा और अपमान मिला : डॉ. राजीव बिंदल


शिमला, 05 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने साेमवार काे प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों के कांग्रेस शासन में प्रदेश के नौजवानों के साथ लगातार अन्याय हुआ है और चुनाव से पहले किए गए वादों के बावजूद आज युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का दावा किया था। युवाओं ने कांग्रेस नेतृत्व, विशेषकर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के वचनों पर भरोसा किया, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी एक भी पक्की सरकारी नौकरी नहीं दी गई।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनावी मंचों से खुल जा सिम-सिम की तरह नौकरियों का खजाना खुलने के दावे किए गए थे, लेकिन आज पहली कैबिनेट में नौकरी देने के वादे केवल जुमले साबित हुए। प्रदेश का युवा आज भी बेरोजगार है और उसे हंसी का पात्र बनाया गया है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगार युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा कि पेंशन वाली सरकारी नौकरी देने और आउटसोर्स व ठेका प्रथा खत्म करने की बात कही गई थी, लेकिन न केवल नौकरियां नहीं दी गईं, बल्कि भर्ती करने वाले संस्थान ही बंद कर दिए गए। सरकार ने लगभग 1.50 लाख रिक्त पद समाप्त कर दिए और करीब 10 हजार लोगों को नौकरी से बाहर कर दिया।

उन्होंने कहा कि वन मित्र, रोगी मित्र और पशु मित्र जैसी योजनाओं तथा अप्रेंटिस नीति से युवाओं का भविष्य और अधिक असुरक्षित हो गया है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद हावी है और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी समाप्त होते जा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज युवा 8 से 10 हजार रुपये की औद्योगिक नौकरी के लिए भी भटकने को मजबूर हैं। पिछले तीन वर्षों से युवा सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों को उनकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाएं न निकलने से वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं में गहरा रोष है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि इसी कारण प्रदेश का युवा आज आंदोलित और आक्रोशित है और आने वाले समय में कांग्रेस की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुका है।

सम्मेलन में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला, सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप तथा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story