मंत्री जगत सिंह नेगी सेना के शौर्य पर टिप्पणी के लिए देश से मांगें माफी : सन्नी शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री जगत सिंह नेगी सेना के शौर्य पर टिप्पणी के लिए देश से मांगें माफी : सन्नी शुक्ला


शिमला, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सन्नी शुक्ला ने ऑपरेशन सिंदूर और राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर विधानसभा में मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और देश की सामरिक क्षमता से जुड़े विषयों पर इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मंत्री से अपने बयान के लिए देश से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की।

डॉ. सन्नी शुक्ला ने गुरुवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति और सैन्य क्षमता का प्रतीक है। पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की हत्या के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने साहस, रणनीति और अनुशासन के साथ कार्रवाई की। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील सैन्य अभियान पर विधानसभा में यह कहना कि पाकिस्तान के बजाय भारत के ही छक्के छूट गए, देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला बयान है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राफेल विमानों की खरीद, रक्षा सौदों और सरकारी नीतियों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है। यदि मंत्री को राफेल की खरीद प्रक्रिया या कीमत पर आपत्ति है तो उन्हें तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। रक्षा खरीद पर सवाल उठाने के नाम पर सैन्य अभियान और भारतीय वायुसेना के पराक्रम पर व्यंग्य करना उचित नहीं है। सेना का सम्मान राजनीतिक बहस से ऊपर होना चाहिए।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस मामले में सरकार का आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि क्या मंत्री जगत सिंह नेगी का बयान प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी का अधिकृत दृष्टिकोण है? यदि ऐसा नहीं है तो सरकार को इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

डॉ. शुक्ला ने कहा कि भारतीय सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का संकल्प लेकर सेवा करते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को राजनीतिक कटाक्ष का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेना का मनोबल और राष्ट्रीय सम्मान सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सैनिकों के सम्मान के मुद्दे पर प्रत्येक जनप्रतिनिधि को जिम्मेदारी से बयान देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story