भाजयुमो ने हिमाचल के 17 संगठनात्मक जिलों के प्रभारी नियुक्त किए

WhatsApp Channel Join Now
भाजयुमो ने हिमाचल के 17 संगठनात्मक जिलों के प्रभारी नियुक्त किए


शिमला, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) हिमाचल प्रदेश ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए प्रदेश के सभी 17 संगठनात्मक जिलों के प्रभारियों की नियुक्ति की है। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के बाद इन नियुक्तियों की घोषणा की। प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों का दायित्व सौंपा गया है।

सन्नी शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना, जिला स्तर पर गतिविधियों को गति देना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पदाधिकारी अब अपने निर्धारित जिलों में संगठन के कार्यक्रमों और गतिविधियों के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

जारी सूची के अनुसार चम्बा जिले का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द कुमार को बनाया गया है। नूरपुर की जिम्मेदारी प्रदेश आईटी संयोजक मनप्रीत सिंह को सौंपी गई है। कांगड़ा के प्रभारी प्रदेश सचिव नेकराज ठाकुर और पालमपुर के प्रभारी प्रदेश कोषाध्यक्ष अभिषेक ठाकुर होंगे। देहरा जिले का दायित्व प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर को दिया गया है।

हमीरपुर जिले का प्रभारी मीडिया सह-प्रभारी मनोज चंदेल को नियुक्त किया गया है। ऊना जिले की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ठाकुर को सौंपी गई है। बिलासपुर के प्रभारी मुख्य प्रवक्ता भुवनेश ठाकुर होंगे। सुंदरनगर जिले का दायित्व प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक संजय बरटा और मंडी जिले का दायित्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित ठाकुर को दिया गया है।

इसी तरह कुल्लू जिले का प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता अमीन चौहान को बनाया गया है। लाहौल-स्पीति की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव रुचिन चौहान को सौंपी गई है। किन्नौर के प्रभारी प्रदेश प्रवक्ता नील कमल गुप्ता होंगे। महासू जिले का दायित्व प्रदेश सचिव विपिन पाल को दिया गया है।

शिमला जिले का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज को नियुक्त किया गया है। सोलन जिले की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री सुशील कदशोली और सिरमौर जिले का दायित्व प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत ठाकुर को सौंपा गया है।

सन्नी शुक्ला ने कहा कि नवनियुक्त जिला प्रभारी संगठनात्मक कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके अनुसार, जिला और मंडल स्तर पर संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने के लिए ये नियुक्तियां की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771471 Articles

Share this story