चहेतों को सेवा विस्तार देकर युवाओं के हक छीन रही सुक्खू सरकार: सन्नी शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
चहेतों को सेवा विस्तार देकर युवाओं के हक छीन रही सुक्खू सरकार: सन्नी शुक्ला


चहेतों को सेवा विस्तार देकर युवाओं के हक छीन रही सुक्खू सरकार: सन्नी शुक्ला


शिमला, 02 मई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार अपने चहेते सेवानिवृत्त अधिकारियों को सेवा विस्तार देकर युवाओं के अधिकारों का हनन कर रही है।

सन्नी शुक्ला ने शनिवार को कहा कि प्रदेश का शिक्षित युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 6 लाख से अधिक हो चुकी है, लेकिन सरकार का ध्यान नई भर्तियां निकालने के बजाय रिटायर अधिकारियों को दोबारा पदों पर बनाए रखने पर है। उनके मुताबिक, इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार कम हो रहे हैं।

शुक्ला ने लोक निर्माण विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को दिए गए सेवा विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे फैसले प्रशासनिक पारदर्शिता और नैतिकता पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में सेवा विस्तार से जुड़े आदेश “बैक डेट” में जारी किए जा रहे हैं, जो सरकार की कार्यप्रणाली को संदेह के घेरे में लाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश के मौजूदा अधिकारियों में क्षमता की कमी है, जो सरकार को बार-बार सेवानिवृत्त अधिकारियों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सेवा विस्तार की इस नीति का असर सिर्फ नई भर्तियों पर ही नहीं, बल्कि विभागों में पदोन्नति की प्रक्रिया पर भी पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में निराशा बढ़ रही है और प्रशासनिक ढांचा भी प्रभावित हो रहा है। शुक्ला के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्टाफ की कमी होने के बावजूद नियमित भर्तियां शुरू नहीं की जा रही हैं।

सन्नी शुक्ला ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सेवा विस्तार की इस व्यवस्था को तुरंत बंद नहीं किया गया और खाली पदों पर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने मांग की कि सभी विभागों में दिए गए सेवा विस्तार के आदेशों को रद्द किया जाए और लंबित भर्तियों को जल्द पूरा कर बेरोजगार युवाओं को राहत दी जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story