हिमाचल में जंगल राज का माहौल, बेटियां असुरक्षित और नशा माफिया बेखौफ : डा सन्नी शुक्ला

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में जंगल राज का माहौल, बेटियां असुरक्षित और नशा माफिया बेखौफ : डा सन्नी शुक्ला


शिमला, 16 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष डा सन्नी शुक्ला ने गुरूवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं और हालात ऐसे बन गए हैं कि देवभूमि में जंगल राज जैसा माहौल दिखाई देने लगा है। इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी निशांत ठाकुर भी मौजूद रहे।

सनी शुक्ला ने मंडी जिले के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की हत्या की घटना को बेहद दुखद और चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकार की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में बेटियां दिन-दहाड़े सुरक्षित न हों, वहां सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि समाज में एक मजबूत संदेश जाए।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन), मैहतपुर, संसारपुर टैरेस, काला अंब और पांवटा साहिब जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में नशा माफिया सक्रिय हो चुके हैं और युवा वर्ग तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर कार्रवाई न होने से लोगों में यह धारणा बन रही है कि नशा तस्करों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है, जिससे बड़ी मछलियां कानून की पकड़ से बाहर रह जाती हैं।

सनी शुक्ला ने प्रदेश में भ्रष्टाचार और भू-माफिया के बढ़ते प्रभाव का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने चेस्टर हिल जमीन मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भू-माफिया सक्रिय हैं और सरकार इन मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लगाए जा रहे प्रशासनिक कैंप केवल औपचारिकता बनकर रह गए हैं और आम लोग, व्यापारी तथा उद्योगपति खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना था कि असुरक्षा का यह माहौल प्रदेश में निवेश को भी प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो भाजयुमो सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ उग्र जन-आंदोलन शुरू करेगा। साथ ही उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपील की कि वे राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाएं और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करें, जिससे देवभूमि की गरिमा को बनाए रखा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story