सुजानपुर ब्लॉक सीमिति में भाजपा की जीत, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर कब्जा

WhatsApp Channel Join Now
सुजानपुर ब्लॉक सीमिति में भाजपा की जीत, अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर कब्जा


हमीरपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। सुजानपुर ब्लॉक में हुए बीडीसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत हासिल की है। अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित सुरेश चंद ने जीत दर्ज की। उन्हें कुल 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को महज 6 वोटों पर ही संतोष करना पड़ा। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की रंजना कुमारी ने बाजी मारी। उन्हें 10 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार शिल्पा को 5 वोट ही मिल सके।

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने इस जीत पर कहा कि यह सुजानपुर की जनता और सभी कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा क‍ि इस चुनाव परिणाम ने साफ कर दिया है कि जनता का विश्वास पूरी तरह भाजपा के साथ है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस सरकार से उसकी झूठी गारंटियों का हिसाब मांगेगी।

राणा ने यह भी दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में सुजानपुर की जनता कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त करवाने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि बीडीसी चुनाव का यह परिणाम आने वाले समय में सुजानपुर की राजनीतिक दिशा का स्पष्ट संकेत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story