राज्यपाल से प्रेरणा ले सुक्खू सरकार, फिजूल खर्च और ईंधन बचत पर उठाए कदम: भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल से प्रेरणा ले सुक्खू सरकार, फिजूल खर्च और ईंधन बचत पर उठाए कदम: भाजपा


शिमला, 13 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का ईंधन संरक्षण और सरकारी खर्चों में कटौती की पहल का स्वागत किया है। भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने बुधवार को एक बयान में कहा कि राज्यपाल ने हेलीकॉप्टर के सीमित उपयोग, सरकारी काफिले को छोटा करने और गैर-जरूरी बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित करने जैसे फैसले लेकर सादगी और जवाबदेही का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनकी सरकार को भी इससे प्रेरणा लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए।

खासतौर पर फिजूल खर्च और ईंधन बचत पर कदम उठाने की जरूरत है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंबे समय से देशवासियों से ईंधन संरक्षण और संसाधनों के सही उपयोग की अपील करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने इन बातों को व्यवहार में उतारकर एक उदाहरण पेश किया है। उनके अनुसार आज के समय में जब वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट और ईंधन की बढ़ती कीमतें चिंता का विषय हैं, तब संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की पहल करना सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा हेलीकॉप्टर का उपयोग न करने, गैर-जरूरी बैठकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित करने तथा सरकारी काफिले का आकार कम करने का निर्णय यह दर्शाता है कि यदि इच्छाशक्ति हो तो शासन व्यवस्था में सादगी और संसाधनों की बचत दोनों संभव हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अक्सर आर्थिक संकट का हवाला देती है, लेकिन दूसरी ओर सरकारी खर्च कम करने और ईंधन बचाने को लेकर कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं देती।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा लंबे समय से प्रदेश में मितव्ययिता, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करती रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल की यह पहल केवल ईंधन बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रशासनिक संवेदनशीलता और राष्ट्रहित की सोच का भी प्रतीक है।

उन्होंने आम लोगों और युवाओं से भी ईंधन बचत की दिशा में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उनके अनुसार छोटे-छोटे प्रयास भविष्य में बड़े बदलाव की नींव बन सकते हैं। भाजपा ने कहा कि यदि सरकार और समाज मिलकर संसाधनों के संरक्षण की दिशा में काम करें तो हिमाचल देश के लिए एक आदर्श मॉडल राज्य बन सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story