मोदी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं भाजपा कार्यकर्ता : अनुराग ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मोदी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं भाजपा कार्यकर्ता : अनुराग ठाकुर


हमीरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ बुधवार को बड़सर में हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है।

प्रशिक्षण वर्ग में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री तथा जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत भाषण में राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर, जल जीवन मिशन के माध्यम से 15 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत, मुद्रा, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और कौशल विकास जैसी योजनाओं को भी जनहित में महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। हिमाचल प्रदेश को एम्स बिलासपुर, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ऊना, राष्ट्रीय राजमार्ग, फोरलेन परियोजनाएं, ग्रामीण सड़क नेटवर्क तथा डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी अनेक सौगातें केंद्र सरकार ने दी हैं। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी केंद्र ने प्रदेश को हरसंभव सहायता प्रदान की।

राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और सेवा, समर्पण तथा संगठन की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रशिक्षित, अनुशासित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यकर्ता ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल और विधायक राकेश जम्वाल ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story