टैक्स बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही सुक्खू सरकार : बिन्दल

WhatsApp Channel Join Now
टैक्स बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही सुक्खू सरकार : बिन्दल


टैक्स बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल रही सुक्खू सरकार : बिन्दल


शिमला, 07 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार ने अपने कार्यकाल के करीब 40 महीने केवल भाजपा को कोसने और दोषारोपण की राजनीति करने में ही बिता दिए, जबकि प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस काम नहीं किया गया।

बिन्दल ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अब प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कामकाज को अच्छी तरह समझ चुकी है। लोगों को यह एहसास हो गया है कि सरकार विकास के बजाय केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि लगभग 45 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने के बावजूद सरकार प्रदेश में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), पशु चिकित्सालय और अन्य सरकारी संस्थानों को बंद क्यों कर रही है। बिन्दल ने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर संस्थानों को बंद कर लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार नए-नए टैक्स लगाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने डीजल पर 7.50 रुपये वैट बढ़ाया है, स्टाम्प ड्यूटी में वृद्धि की है और पानी व बिजली के दाम भी बढ़ाए हैं। इसके अलावा राशन डिपो में मिलने वाले राशन की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं और एचआरटीसी बसों के किराए में भी इजाफा किया गया है, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है।

उन्होंने कहा कि अब सरकार ने एंट्री टैक्स के नाम पर भी 200 प्रतिशत तक दरें बढ़ा दी हैं, जिससे प्रदेश में महंगाई का दबाव और बढ़ेगा। बिन्दल के मुताबिक इन फैसलों का सीधा असर आम लोगों और छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है।

डॉ. बिन्दल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वन माफिया और खनन माफिया बेलगाम हो चुके हैं और उन्हें कांग्रेस नेताओं का संरक्षण मिल रहा है। सिरमौर जिले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां चीड़, खैर और साल जैसे पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है और खनन माफिया के सैकड़ों टिप्पर रात भर सड़कों पर चलते हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और माफिया तंत्र सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा है। बिन्दल ने यह भी कहा कि केवल भाजपा को दोष देकर कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story