सुक्खू सरकार की 1500 प्रतिमाह की घोषणा 28 लाख महिलाओं से वादाखिलाफी : भाजपा
शिमला, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा किन्नौर के रिकांगपिओ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में की गई घोषणाओं को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। विपक्षी दल भाजपा ने इन घोषणाओं पर सरकार को निशाने पर लिया है।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने इन घोषणाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए 1500 रुपये प्रतिमाह महिला सहायता योजना को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घोषणा वास्तविकता से दूर है और प्रदेश की महिलाओं को एक बार फिर केवल सपने दिखाए जा रहे हैं।
जमवाल ने बुधवार को एक बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश की लगभग 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस योजना को सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब यह योजना केवल जनजातीय क्षेत्रों तक सीमित कर दी गई है, जो सीधे तौर पर महिलाओं के साथ वादाखिलाफी है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि जिन महिलाओं के लिए यह राशि घोषित की गई है, उन्हें वास्तव में पैसा मिलेगा भी या नहीं। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से इस योजना को लागू करने को लेकर कोई स्पष्ट दिशा या समयसीमा नहीं दी गई है, जिससे यह पूरी घोषणा केवल एक राजनीतिक नारा बनकर रह जाती है।
राकेश जमवाल ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर का उपयोग भी केवल घोषणाओं और प्रचार के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पहले से ही आर्थिक संकट से गुजर रहा है, कर्मचारियों के वेतन और अन्य भुगतान लंबित हैं और विकास कार्यों की गति भी प्रभावित है।
उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर सरकार वित्तीय संकट की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिना ठोस वित्तीय योजना के नई योजनाओं की घोषणा कर रही है, जो सरकार के दोहरे रवैये को दर्शाता है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार अब “घोषणा सरकार” बनकर रह गई है, जिसका काम केवल वादे करना और उन्हें टालते रहना है।
जमवाल ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका राजनीतिक जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के नाम पर की गई यह राजनीति सबसे बड़ा धोखा साबित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

