प्रदेश विधानसभा में वंदे मातरम् के विरोध पर कांग्रेस देश से माफी मांगे : बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेश विधानसभा में वंदे मातरम् के विरोध पर कांग्रेस देश से माफी मांगे : बिंदल


शिमला, 22 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन का विरोध कर स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले लोगों की भावनाओं का अपमान किया है।

डॉ. बिंदल ने शनिवार को कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं था। यह आजादी के आंदोलन के दौरान देशभक्ति और संघर्ष का प्रमुख उद्घोष रहा। उन्होंने कहा कि अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए अंग्रेजी शासन का सामना किया और कई लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजाद भारत में कांग्रेस की ओर से संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन का विरोध किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि उसे संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन से आपत्ति क्यों है।

बिंदल ने कांग्रेस पर वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश ने विभाजन की त्रासदी झेली है और उसके घाव आज भी इतिहास का पीड़ादायक अध्याय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इतिहास से सबक लेने के बजाय राजनीतिक हितों को राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विषयों से ऊपर रखा है।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारत के स्वतंत्रता संग्राम से गहराई से जुड़ा है और इसने आजादी के आंदोलन में लोगों के बीच राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने का काम किया। बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक मंच पर वंदे मातरम् के सम्मान को लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए।

बिंदल ने कहा कि वंदे मातरम् किसी एक राजनीतिक दल का नहीं है। यह देश और मातृभूमि के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विषय राजनीतिक दलों की सुविधा या वोट बैंक के आधार पर तय नहीं किए जाने चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस से विधानसभा में अपनाए गए रुख पर पुनर्विचार करने और देशवासियों की भावनाओं का सम्मान करने को कहा। बिंदल ने कहा कि भाजपा संपूर्ण वंदे मातरम् के गायन के विरोध में कांग्रेस के रुख की कड़े शब्दों में निंदा करती है और कांग्रेस को इस मुद्दे पर देश से माफी मांगनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story