चुनाव टालने की कोशिश में रही कांग्रेस, अब जनता देगी जवाब : विपिन परमार

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव टालने की कोशिश में रही कांग्रेस, अब जनता देगी जवाब : विपिन परमार


शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल में शहरी निकाय चुनावों की घोषणा के बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मंगलवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले तीन-चार महीनों से इन चुनावों को टालने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अब जब चुनाव की तारीख घोषित हो गई है तो भारतीय जनता पार्टी इसका स्वागत करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती है और हर समय चुनाव के लिए तैयार रहती है। उनके अनुसार, आने वाले शहरी निकाय चुनावों में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पार्टी इन चुनावों को गंभीरता और रणनीति के साथ लड़ेगी।

कांग्रेस सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए परमार ने इसे जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियां दी थीं, लेकिन अब तक एक भी वादा जमीन पर पूरा नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि गांव और शहर दोनों जगह लोग सरकार की नीतियों से परेशान हैं और यह नाराजगी चुनावों में देखने को मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में पानी के दाम बढ़ाए गए हैं और नए-नए टैक्स और शुल्क लगाए गए हैं, जिससे आम लोगों का जीवन कठिन हुआ है। भाजपा इन मुद्दों को चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी और जनता के बीच लेकर जाएगी।

विपिन परमार ने दावा किया कि आने वाले शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन चुनावों के नतीजे 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story