स्टाम्प ड्यूटी में 30 गुना तक बढ़ोतरी से आम लोगों पर बढ़ा आर्थिक बोझ : राकेश जमवाल
शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में स्टाम्प ड्यूटी की दरों में बढ़ोतरी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2023 और 2026 में स्टाम्प ड्यूटी की दरों में बढ़ोतरी की है। इससे कई जरूरी कानूनी दस्तावेजों की फीस पहले के मुकाबले 10 से 30 गुना तक बढ़ गई है।
जमवाल ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के समय शपथपत्र पर स्टाम्प ड्यूटी 10 रुपये थी, जिसे कांग्रेस सरकार ने पहले 20 और अब 100 रुपये कर दिया है। इसी तरह सामान्य करारनामे की फीस 50 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये और एक कार्य के लिए मुख्तारनामे की फीस 100 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी गई है। सामान्य मुख्तारनामे की दर 150 से बढ़ाकर 4,000 रुपये और दूसरी श्रेणी के मुख्तारनामे की दर 200 से बढ़ाकर 5,000 रुपये की गई है। दत्तक ग्रहण विलेख पर स्टाम्प ड्यूटी 100 से बढ़ाकर 2,000 रुपये और नोटरी संबंधी कार्यों की फीस 10 से बढ़ाकर 100 रुपये कर दी गई है।
उन्होंने उत्तराखंड का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां सामान्य शपथपत्र पर स्टाम्प ड्यूटी 10 रुपये है, जबकि हिमाचल में इसके लिए 100 रुपये देने पड़ रहे हैं। सरकार बताए कि एक ही दस्तावेज के लिए प्रदेश के लोगों से दस गुना अधिक राशि लेने का क्या औचित्य है।
जमवाल ने कहा कि 20 लाख रुपये की संपत्ति के विक्रय करार पर शुरुआती स्तर पर 41,000 रुपये तक स्टाम्प ड्यूटी देनी पड़ सकती है। इसमें से 40,000 रुपये अंतिम हस्तांतरण के समय समायोजित होने के बावजूद खरीदार को तत्काल आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि शपथपत्र, करारनामे और मुख्तारनामे किसानों, बागवानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों की रोजमर्रा की कानूनी जरूरतों से जुड़े हैं। भाजपा विधायक दल ने सितंबर 2026 में विधानसभा में इस संशोधन का विरोध किया था। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन दरों में बढ़ोतरी से कितना अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान है। जमवाल ने उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा की दरों का तुलनात्मक विवरण सार्वजनिक करने और जरूरी कानूनी दस्तावेजों पर पुरानी दरें बहाल करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

