कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च हास्यास्पद : रणधीर शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च हास्यास्पद : रणधीर शर्मा


शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कांग्रेस पर संविधान के नाम पर राजनीतिक दिखावा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल समय-समय पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करते हैं और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के खिलाफ आंदोलन करते हैं, उनका संविधान रक्षा मार्च निकालना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस को पहले स्वयं संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना सीखना चाहिए।

संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को जारी बयान में रणधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यक्रम में अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस संविधान रक्षा मार्च निकालने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री संविधान दिवस के महत्वपूर्ण कार्यक्रम से दूर रहे। उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस संविधान की रक्षा का दावा कर रही है तो मुख्यमंत्री ने इस आयोजन से दूरी क्यों बनाई? उनके अनुसार, यह कांग्रेस की कथनी और करनी के बीच अंतर को दर्शाता है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है। संविधान अधिकारों के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा भी देता है। यह सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आधार है। उन्होंने प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान निर्माण में योगदान देने वाले सभी विद्वानों को नमन किया।

भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संविधान के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान को कोई खतरा नहीं है और कांग्रेस को इसके नाम पर राजनीतिक दिखावा करने से बचना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने और अपनी पार्टी के भीतर भी लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story