कांग्रेस ने महिला आरक्षण पर किया विश्वासघात, लोकतंत्र के लिए काला दिन : डेज़ी ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने महिला आरक्षण पर किया विश्वासघात, लोकतंत्र के लिए काला दिन : डेज़ी ठाकुर


शिमला, 23 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा डेज़ी ठाकुर ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। शिमला में गुरुवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़ा हालिया घटनाक्रम भारतीय लोकतंत्र के लिए “काला दिन” है और इसे इसी रूप में याद किया जाएगा।

डेज़ी ठाकुर ने कहा कि यह एक ऐसा मौका था, जिसे ऐतिहासिक रूप से दर्ज किया जाना चाहिए था क्योंकि इससे महिलाओं को नीति निर्माण में भागीदारी का अधिकार मजबूत होता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इस अवसर को रोककर महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उनके मुताबिक, सितंबर 2023 में पारित हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता खुला था, लेकिन इस विषय पर विपक्ष ने गंभीरता नहीं दिखाई।

उन्होंने कहा कि संसद में इस मुद्दे पर जिस तरह का माहौल बना और विपक्ष की प्रतिक्रिया सामने आई, उसने उनकी सोच को उजागर कर दिया। उनके अनुसार, जब देश की महिलाओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा सामने था, तब विपक्ष का रवैया निराशाजनक रहा। डेज़ी ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है और जब अधिकार देने की बात आती है तो उन्हें पीछे कर दिया जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में परिवारवाद हावी है और वहां आम महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर कम मिलते हैं। इसके उलट उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए गए हैं, जिनसे महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है।

डेज़ी ठाकुर ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर प्रदेश में “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए एक व्यापक अभियान है। उनके अनुसार महिलाएं अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और इस मुद्दे पर अपनी आवाज लोकतांत्रिक तरीके से उठाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story