कांग्रेस को राम मंदिर पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं : राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस को राम मंदिर पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं : राकेश जमवाल


शिमला, 11 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस भगवान श्रीराम की आस्था को भी राजनीतिक मुद्दा बना रही है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्षों तक राम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया और राम मंदिर निर्माण में अड़चनें पैदा कीं, वही अब करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

राकेश जमवाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को किसी दूसरे दल पर सवाल उठाने से पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में कई बड़े घोटाले सामने आए, जिनसे देश की छवि को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि देश 2जी स्पेक्ट्रम, कोयला आवंटन, कॉमनवेल्थ गेम्स, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदा, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी, नेशनल हेराल्ड, बोफोर्स, एयरसेल-मैक्सिस और अन्य मामलों को नहीं भूला है। उनके अनुसार कांग्रेस को इन मामलों पर अपनी नैतिक जिम्मेदारी भी स्पष्ट करनी चाहिए।

भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के नेता आज पारदर्शिता की बात कर रहे हैं, जबकि उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन गया था। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में जांच एजेंसियों और अदालतों ने वर्षों तक कार्रवाई की, उन पर कांग्रेस को देश के सामने जवाब देना चाहिए।

राकेश जमवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और राम मंदिर पूरे देश की श्रद्धा का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में जांच की आवश्यकता होगी तो वह कानून के अनुसार होगी, लेकिन बिना तथ्यों के केवल राजनीतिक आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए राम मंदिर को विवादों में घसीट रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शिता, सुशासन और जवाबदेही के प्रति प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस का इतिहास भ्रष्टाचार और घोटालों से जुड़ा रहा है।

जमवाल ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश और देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को समझती है और भाजपा ऐसे आरोपों का जवाब तथ्यों और जनविश्वास के आधार पर देती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story