रोहड़ू फायरिंग घटना से खोली कानून-व्यवस्था की पोल, सरकार पूरी तरह विफल : राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
रोहड़ू फायरिंग घटना से खोली कानून-व्यवस्था की पोल, सरकार पूरी तरह विफल : राकेश जमवाल


शिमला, 27 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिला के रोहड़ू उपमंडल के कुलगांव में एक धार्मिक आयोजन के दौरान हुई फायरिंग की घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने इस घटना पर गहरा दुःख जताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने इस घटना में जान गंवाने वाली महिला रितिका (उर्फ गुड़िया) के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत है। उनके मुताबिक, धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन इन्हें रोकने में सरकार नाकाम रही है।

राकेश जमवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं यह दिखाती हैं कि लोगों में कानून का डर कम हुआ है और प्रशासन प्रभावी तरीके से काम नहीं कर पा रहा है। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुलिस और प्रशासन सतर्क रहते, तो इस घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी में हथियारों का इस्तेमाल होना गंभीर चिंता का विषय है।

घटना के बाद शव को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शव को ले जाने के लिए उचित इंतजाम नहीं किए गए और जिस तरह से रेत से भरे वाहन में शव भेजने की कोशिश की गई, वह प्रशासन की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि मृतका के परिजनों का आक्रोश समझ में आता है और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए। भाजपा ने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

राकेश जमवाल ने कहा कि राज्य में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सरकार को इस स्थिति में सुधार के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story