सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा : राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा : राजीव बिंदल


शिमला, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभों को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने जीवन के 30 से 40 वर्ष प्रदेश की सेवा में लगाए, उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने इसे सरकार की संवेदनहीनता और शर्मनाक स्थिति बताया।

डॉ. बिंदल ने मंगलवार को शिमला में कहा कि 70, 75, 80 और यहां तक कि 90 वर्ष की उम्र के बुजुर्गों को पेंशन से जुड़े लाभ लेने के लिए धरने और प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। उनके अनुसार, यह वे लोग हैं जिन्होंने दशकों तक प्रदेश की सेवा की है। इसके बावजूद जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें अपने वित्तीय अधिकारों के लिए सरकार के सामने संघर्ष करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि धर्मशाला में करीब 8 हज़ार सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने विधानसभा का घेराव किया था। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी लगातार धरने-प्रदर्शन हुए हैं। अब हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारी शिमला पहुंचकर विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बुजुर्ग कर्मचारी शिमला पहुंच रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि पेंशनरी लाभ, 15 प्रतिशत एरियर, महंगाई भत्ता (डीए), ग्रेच्युटी, लीव एनकैशमेंट, कम्यूटेशन और पे एरियर सहित कई वित्तीय लाभ लंबित हैं। मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति को लेकर भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में करीब 1.85 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वर्षों की सेवा के बाद मिलने वाले उनके जायज वित्तीय लाभ समय पर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी सरकार से कोई उपकार नहीं मांग रहे हैं, वे अपनी सेवा के बदले मिलने वाले अधिकार मांग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संघर्ष के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story