हिमाचल में कानून-व्यवस्था चरमराई, क्राइम कैपिटल बनता जा रहा प्रदेश : राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में कानून-व्यवस्था चरमराई, क्राइम कैपिटल बनता जा रहा प्रदेश : राजीव बिंदल


हिमाचल में कानून-व्यवस्था चरमराई, क्राइम कैपिटल बनता जा रहा प्रदेश : राजीव बिंदल


शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में सामने आई हत्याओं और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। शांतिप्रिय राज्य के रूप में पहचान रखने वाला हिमाचल अब अपराध की बढ़ती घटनाओं के कारण क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। लगातार हो रही वारदातों से आम जनता में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के करीब चार साल के कार्यकाल में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और आम नागरिक की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि पिछले चार-पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने थार गाड़ी चढ़ाकर दो लोगों की हत्या किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह की वारदात अपराधियों की बेखौफ प्रवृत्ति को दर्शाती हैं। नालागढ़ में सरेआम गोलीबारी की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ाई है। उनके अनुसार अपराधियों के मन से पुलिस और कानून का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सिरमौर जिले में सामने आई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि दो दिन पहले नाहन-कुमारहट्टी मार्ग पर एक महिला का शव मिलने की घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर दिया। इसके बाद शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक की हत्या का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी में युवक के सिर पर गोली मारे जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि चंबा से सिरमौर और ऊना से किन्नौर तक आपराधिक घटनाएं प्रदेश की शांतिपूर्ण पहचान को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने दलित युवक की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधों का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। उनके अनुसार, लगातार सामने आ रही घटनाएं कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर अपराधों और कथित माफिया गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि प्रदेश में हुई सभी गंभीर आपराधिक घटनाओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाई जाए। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775144 Articles

Share this story