एफआईआर के जरिए विपक्ष की आवाज दबा रही कांग्रेस सरकार : संजीव कटवाल

WhatsApp Channel Join Now
एफआईआर के जरिए विपक्ष की आवाज दबा रही कांग्रेस सरकार : संजीव कटवाल


शिमला, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब “एफआईआर की सरकार” बन गई है। सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने या जनता से जुड़े मुद्दे उठाने पर राजनीतिक जवाब देने के बजाय पुलिस और एफआईआर का सहारा लिया जा रहा है।

कटवाल ने रविवार को एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में आरोपों की जांच कानून के अनुसार होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज होने से सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने से डर रही है और इसी कारण बार-बार पुलिस को आगे किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना और उसकी नीतियों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार और जिम्मेदारी है। असहमति का जवाब एफआईआर के रूप में देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सही परंपरा नहीं है।

कटवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का अब तक का कार्यकाल राजनीतिक प्रतिशोध से प्रभावित रहा है। उन्होंने कहा कि कभी भाजपा नेताओं, कभी विधायकों और कभी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाती है। उनके अनुसार सरकार जितने मामले दर्ज करवा ले, भाजपा जनता से जुड़े मुद्दे उठाना बंद नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब चाहती है। हत्या, नशा तस्करी, चिट्टा, महिलाओं के खिलाफ अपराध और दूसरी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। कटवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रही है और अपराधियों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है।

कटवाल ने सरकार की कार्यप्रणाली में “क्राइम सिंडिकेट” पनपने का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक सवाल खत्म नहीं होते और पुलिस के सहारे जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा सरकार की नीतियों, कथित विफलताओं, जनविरोधी फैसलों और जनता से किए गए अधूरे वादों को लगातार उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story