नजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और सड़कें बदहाल, बर्फबारी से पहले सुधार करे सरकार : श्रीकांत शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
नजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और सड़कें बदहाल, बर्फबारी से पहले सुधार करे सरकार : श्रीकांत शर्मा


केलांग, 25 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनजातीय क्षेत्रों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सर्दियों और बर्फबारी का मौसम नजदीक है, लेकिन लाहौल-स्पीति में स्वास्थ्य सेवाओं और संपर्क मार्गों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

रविवार काे उदयपुर मंडल के त्रिलोकीनाथ क्षेत्र में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान शर्मा ने कहा कि जालमा पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सामान्य जुकाम तक की दवाइयां उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयां नहीं हैं, तो बर्फबारी के दौरान गंभीर मरीजों का उपचार कैसे होगा।

शर्मा ने कहा कि सर्दियों में जनजातीय क्षेत्रों के कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। ऐसे में सरकार को स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों, चिकित्सकीय सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने मैयाड़ घाटी और चोखांग मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए सरकार से बर्फबारी से पहले मरम्मत और रखरखाव की कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने पूछा कि इन कार्यों के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई है और अब तक कितना काम पूरा किया गया है।

भाजपा नेता ने जनजातीय विकास बजट को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार आवंटित, जारी और खर्च की गई धनराशि का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करे, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनजातीय क्षेत्रों की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का भंडारण किया जाए और बदहाल संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए।

इस अवसर पर उन्होंने बूथ संख्या 15, त्रिलोकीनाथ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां संस्करण भी सुना। उन्होंने कहा कि भाजपा जनजातीय क्षेत्रों की समस्याओं को उठाती रहेगी और उनके समाधान के लिए प्रयास करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766698 Articles

Share this story