चार निर्वाचित भाजपा सरकारों को गिराने वाली कांग्रेस आज वोट चोरी का आरोप लगा रही : श्रीकांत शर्मा
केलांग, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। लाहौल-स्पीति जिले के केलांग और उदयपुर मंडलों में आयोजित बूथ सशक्तिकरण अभियान की संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस देशभर में वोट चोरी के आरोप लगाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रही है, जबकि उसके अपने राजनीतिक इतिहास में लोकतांत्रिक परंपराओं के उल्लंघन के उदाहरण रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में भाजपा की चार निर्वाचित राज्य सरकारों को बर्खास्त किया गया था। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रति लेकर उसकी रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस को अपने आचरण पर भी विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और जनता के जनादेश का सम्मान करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, रोजगार और आर्थिक चुनौतियों को लेकर जनता परेशान है तथा सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा की ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 'अपना बूथ, सबसे मजबूत' के संकल्प के साथ काम करने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम जनजातीय क्षेत्र में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की जरूरत है। इसके साथ ही बूथ समितियों को सक्रिय बनाने, नियमित बैठकें आयोजित करने और नए कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

