भाजपा 29 जुलाई से चलाएगी समरसता संकल्प अभियान, डॉ. सिकंदर कुमार को सौंपी प्रदेश संयोजक की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 29 जुलाई, 2026 से 20 फरवरी, 2027 तक प्रदेशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। अभियान के संचालन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में 17 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार को अभियान का प्रदेश संयोजक बनाया गया है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने सामाजिक समानता, समरसता और आत्मसम्मान का जो संदेश दिया, उसे जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान बूथ स्तर तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी जिलों में (1+4) तथा मंडलों में (1+3) सदस्यीय टोलियां गठित की जाएंगी। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया की अलग-अलग टीमें भी बनाई जाएंगी। अभियान की तैयारियों के तहत 25 जुलाई को शिमला स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित होगी, जबकि 27 और 28 जुलाई को सभी जिलों में कार्यशालाएं एवं योजना बैठकें आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान के प्रदेश संयोजक एवं प्रमुख दायित्व राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार को दिया गया है। उनके साथ गठित प्रदेश टोली में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश सचिव तिलकराज शर्मा, प्रियंता शर्मा और सुमीत शर्मा, समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष चौहान, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अजय कबीर, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलवीर बग्गा, जिला प्रभारी नितेन कुमार, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजू रस्तोगी, महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक सीमा कन्याल तथा महिला मोर्चा की प्रदेश आईटी सह संयोजक शीतल भारद्वाज शामिल हैं।

डॉ. बिंदल ने बताया कि अभियान का पहला चरण 29 जुलाई को ‘समरसता दीप महोत्सव’ के साथ शुरू होगा। इसके तहत प्रदेशभर के गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक प्रवचन और भंडारों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद कलश वंदन, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा तथा छात्रावास समरसता संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस अभियान को सामाजिक समरसता का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story