18 महीने में कांग्रेस सरकार की विदाई तय, हिमाचल में ठका-ठक मॉडल पूरी तरह फेल: तरुण चुग

WhatsApp Channel Join Now
18 महीने में कांग्रेस सरकार की विदाई तय, हिमाचल में ठका-ठक मॉडल पूरी तरह फेल: तरुण चुग


मंडी, 07 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अगले 18 महीनों में कांग्रेस सरकार का जाना तय है और भाजपा जनसमर्थन के साथ प्रदेश में नई सरकार बनाएगी।

तरुण चुग ने कहा कि राहुल गांधी का तथाकथित ठका-ठक मॉडल हिमाचल में पूरी तरह फेल हो चुका है। चुनावों के दौरान किए गए बड़े-बड़े वादे आज केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को राहत नहीं बल्कि बोझ मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में हिमाचल को विकास की राह से भटका दिया है।

कांग्रेस के 3.5 साल—हिमाचल 35 साल पीछे, यह स्थिति आज प्रदेश की वास्तविकता बन चुकी है, उन्होंने तीखा राजनीतिक पंच किया।

चुग ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लेकर व्यवस्था चला रही है। विकास कार्य ठप हैं, योजनाएं अधूरी हैं और सरकार के पास कर्मचारियों के वेतन-पेंशन तक के लिए संसाधनों की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए जन-जन तक सरकार की विफलताओं को पहुंचाना होगा।

उन्होंने कहा अब समय आ गया है कि हम कमर कस लें और इस जनविरोधी सरकार को हटाने के लिए संगठित संघर्ष करें।

तरुण चुग ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता प्रदेश की जनता की आवाज बनेगा और कांग्रेस सरकार के भ्रामक प्रचार, आर्थिक कुप्रबंधन और जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है, उसी दिशा में हिमाचल को भी आगे ले जाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और आने वाला समय प्रदेश में परिवर्तन का होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story