मंडी में भाजपा की प्रचंड जीत पर निकाली रैली, जयराम ठाकुर बोले- मंडी हमारी थी हमारी ही रहेगी

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में भाजपा की प्रचंड जीत पर निकाली रैली, जयराम ठाकुर बोले- मंडी हमारी थी हमारी ही रहेगी


मंडी, 31 मई (हि.स.)। मंडी नगर निगम चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ रैली निकाली गई। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सदर के विधायक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे। मंडी कालेज परिसर से सेरी मंच तक निकाली इस रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी हमेशा से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है और आगे भी रहेगी। मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित एक विशाल विजय रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी की जनता ने एक बार फिर से भाजपा के पक्ष में एकतरफा जनादेश देकर उन लोगों को करारा जवाब दिया है, जिन्हें उनके इस बयान पर आपत्ति थी कि मंडी भाजपा की थी, है और रहेगी। उन्होंने कहा कि मंडी की जनता और भाजपा का रिश्ता वर्षों पुराना तथा अटूट है, जिस पर इस चुनावी नतीजे ने एक बार फिर भरोसे की पक्की मुहर लगा दी है।

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ताधारी दल लगातार झूठे दावे करता आ रहा था क्योंकि इससे पहले के चुनाव पार्टी सिंबल पर नहीं हुए थे, लेकिन अब जब नगर निगम के चुनाव सीधे पार्टी के चुनाव चिह्न पर लड़े गए, तो जनता ने कांग्रेस की नीतियों को पूरी तरह नकारते हुए उसे जमीन दिखा दी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में पंचायतों ने जो जनादेश दिया है वो भी सुक्खू सरकार के खिलाफ है और नगर निगमों में भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया है। जयराम ने कहा कि कांग्रेस को हमारी चुनौती है कि कुर्सी छोड़ो और आराम करो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने झूठी गारंटियों, झूठे भाषणों और आश्वासनों से अपनी साख गिराई है। उन्होंने ये चुनाव जीतने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाये जो लोकतंत्र में उचित नहीं समझे जाते। वोटरों को प्रलोभन और पार्षदों को पचास लाख से लेकर एक करोड़ रुपए तक में खरीदने के प्रयास हुए लेकिन जनता ने उन्हें सबक सिखा दिया है कि वो किसी सरकारी प्रलोभनों में नहीं आने वाली।

जयराम ठाकुर ने जिला परिषद और बीडीसी चुनावों में भी भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलने का पूरा भरोसा जताया।

उन्होंने इस प्रचंड जीत को विकास, सुशासन और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के प्रति जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया। रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए बड़े आक्रामक लहजे में कहा कि इस बार तो जनता ने सिर्फ नगर निकायों में सबक सिखाया है, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश की जागरूक जनता यहां से कांग्रेस का राजनीतिक वजूद पूरी तरह समाप्त करके दम लेगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष के साथ मंच पर कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें स्थानीय विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, दरंग के विधायक पूर्ण चंद, भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा शामिल थे, जिन्होंने एकजुटता दिखाते हुए मंडी और पूरे हिमाचल में भाजपा के इस विजय रथ को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story