हिमाचल में कानून व्यवस्था चरमराई, सरकार बन गई एफआईआर सरकार : राजेंद्र राणा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में कानून व्यवस्था चरमराई, सरकार बन गई एफआईआर सरकार : राजेंद्र राणा


हमीरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और वर्तमान सरकार एफआईआर सरकार बनकर रह गई है।

राणा ने कहा कि पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री विकास कार्यों, सड़कों, पेयजल योजनाओं और आधुनिक निर्माणों के लिए पहचाने जाते थे, लेकिन आज प्रदेश को एफआईआर वाले मुख्यमंत्री मिले हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार और एफआईआर एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। उनके अनुसार एफआईआर का मतलब अब फेल इन राज, फाइल इधर रखो और फर्जी इंसाफ रजिस्टर हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अन्य राज्यों में लॉ एंड ऑर्डर लागू है, जबकि हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने इसे ऑर्डर एंड लॉ में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले राजनीतिक द्वेष की भावना से आदेश जारी करती है और बाद में कानून का सहारा लेती है।

राजेंद्र राणा ने प्रदेश में हाल के वर्षों में हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि संजौली में स्कूल संचालिका की गोली मारकर हत्या, सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की हत्या, ऊना में दिनदहाड़े फायरिंग, बिलासपुर में पुलिस की मौजूदगी में कुल्हाड़ी से हमला तथा कुल्लू में महिला मामले जैसी घटनाएं प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की तस्वीर पेश करती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी ऐसे मामले सामने आए हैं।

उन्होंने विमल नेगी प्रकरण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ा और हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ही मामले की सीबीआई जांच संभव हो सकी। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस मामले को दबाना क्यों चाहती थी और किन लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा था।

भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के तीन वर्षों के कार्यकाल में हत्या, यौन अपराध और हिंसक घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के व्यवस्था परिवर्तन के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन के बजाय जंगलराज का माहौल बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story