रजनी पाटिल माफी मांगें, नहीं तो प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी भाजपा : राकेश जमवाल
शिमला, 16 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल की प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के विरुद्ध की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि माफी नहीं मांगने पर पार्टी प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेगी।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने सोमवार को कहा कि देश के प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने रजनी पाटिल की टिप्पणियों को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि उन्हें देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार अपना जनाधार खो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि कांग्रेस चुनावी हार से सबक लेने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी राजनीतिक हताशा को दिखाती है।
प्रदेश सरकार के खिलाफ भी उठाए सवाल
भाजपा विधायक ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अधूरी गारंटियों, अव्यवस्था और जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उनके अनुसार कांग्रेस प्रभारी को भी आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता गंवाने का डर सता रहा है और इसी कारण पार्टी के नेता इस तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
जमवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पहले भी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए काम किया है।
गली-मोहल्लों में विरोध करेगी भाजपा
राकेश जमवाल ने कहा कि यदि रजनी पाटिल ने अपनी टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो भाजपा पूरे हिमाचल प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता गली-मोहल्लों और चौराहों पर कांग्रेस की बयानबाजी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को व्यक्तिगत हमलों की राजनीति छोड़कर जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

