सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी भाजपा, मुख्यमंत्री आवास का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी भाजपा, मुख्यमंत्री आवास का घेराव


शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा ने बुधवार को राजधानी शिमला में कांग्रेस की सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पार्टी ने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था बिगड़ने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के आरोप लगाए। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इसकी अध्यक्षता की।

भाजपा के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और मुख्यमंत्री आवास ओकओवर की ओर मार्च कर घेराव किया। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर भी बैठे।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आने के बाद से विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को बंद करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी यही रुझान दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद और नगर निगम चुनावों के नतीजों से जनता का रुख साफ हो गया है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद सरकार प्रशासन का दुरुपयोग कर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, कई विधायकों और अन्य नेताओं को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और हाल की आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस मोर्चे पर भी विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में इन मुद्दों को सदन में भी उठाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी का यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि अब प्रदेश की हर विधानसभा और हर मंडल में हर महीने कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और अन्य वर्गों से किए गए कई चुनावी वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने, रोजगार और अन्य घोषणाओं पर सरकार खरी नहीं उतरी। डॉ. बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई योजनाएं बंद कर दी गईं और प्रदेश में बिजली, डीजल तथा सीमेंट जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतें बढ़ने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी सरकार की नीतियों के खिलाफ गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचेगी और जनसंपर्क अभियान चलाएगी। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं है और कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान आगे भी जारी रहेगा। भाजपा ने कहा कि वह सरकार के कामकाज, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story