कुल्लू में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, बंगाल-असम चुनाव नतीजों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशी

WhatsApp Channel Join Now
कुल्लू में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न, बंगाल-असम चुनाव नतीजों पर ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशी


कुल्लू, 05 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए जीत का जश्न मनाया।

कुल्लू के ढालपुर चौक में बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित सूद, युवराज बोध, नरोतम ठाकुर, दानवेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस दौरान रैली निकाली गई, मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर खुशी व्यक्त की गई। पूरा क्षेत्र जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।

स्थानीय भाजपा नेताओं ने कहा कि असम में लगातार दूसरी बार पार्टी की जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता विकास और सुरक्षा की राजनीति को समर्थन दे रही है। उनका मानना है कि इन चुनाव परिणामों का प्रभाव हिमाचल प्रदेश की राजनीति पर भी सकारात्मक रूप से पड़ेगा।

इस अवसर पर विधायक सुरेन्द्र शौरी और जिलाध्यक्ष अमित सूद ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के परिश्रम और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के जनादेश ने देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया है।

नेताओं ने दावा किया कि देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा की मजबूत स्थिति बनी हुई है और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी की सरकार बनने की संभावनाएं प्रबल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story