आंज-भोज में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ गरजीं महिलाएं

WhatsApp Channel Join Now


नाहन, 24 सितंबर (हि.स.)। पांवटा विधानसभा क्षेत्र के आंज-भोज में सड़कों की बदहाली को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार और विधायक सुखराम चौधरी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दोनों भाजपा मंडलों के अध्यक्षों, महिला मोर्चा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान टूटी-फूटी सड़कों को लेकर सरकार से जवाब मांगा गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए भी जनता को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को ₹1500 देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार बनने के बाद महिलाओं को अपने हक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता को गारंटियों के नाम पर भरोसा दिलाया, लेकिन सत्ता में आने के बाद वादों से पीछे हट गई।बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी, युवाओं की समस्याओं और जनता से किए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता अब सवाल पूछ रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।

विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि आंज-भोज क्षेत्र की सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों की जनता रोजाना खराब सड़कों की परेशानी झेल रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूछा कि आखिर जनता को बेहतर सड़कें और मूलभूत सुविधाएं कब मिलेंगी।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की 10 गारंटियों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि जिन बड़े-बड़े वादों के साथ कांग्रेस सत्ता में आई थी, उन पर जनता जवाब मांग रही है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भी आगामी समय में जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story