हिमाचल में पेट्रोल-डीजल टैक्स बढ़ोतरी पर भाजपा का हमला, बजट को बताया जनविरोधी

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पेट्रोल-डीजल टैक्स बढ़ोतरी पर भाजपा का हमला, बजट को बताया जनविरोधी


शिमला, 24 मार्च (हि.स.)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया है।

उन्होंने कहा कि पहले डीजल पर ₹10.40 प्रति लीटर टैक्स लगाया गया था, जिसे अब बढ़ाकर ₹15.40 प्रति लीटर कर दिया गया है। उनके अनुसार इसका सीधा असर किसानों, बागवानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ईंधन महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ेगी, जिससे बस, टैक्सी और ट्रक किराए बढ़ सकते हैं। इसके अलावा कृषि, सिंचाई और बागवानी उत्पादों की ढुलाई भी महंगी होगी, जिसका असर पर्यटन उद्योग पर भी पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले लगभग 40 महीनों में राज्य सरकार ने करीब ₹4,000 करोड़ टैक्स के रूप में वसूले हैं और अब नए टैक्स के जरिए लगभग ₹2,000 करोड़ और जुटाने की तैयारी है।

राजीव बिंदल ने यह भी कहा कि सरकार ने बिजली, पानी, राशन, स्टांप ड्यूटी और सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने दावा किया कि स्टांप ड्यूटी में भारी वृद्धि और सीमेंट के दामों में बढ़ोतरी से लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

बजट को लेकर उन्होंने कहा कि यह केवल कागजी दिखावा है और इसमें कोई स्पष्ट नीति या विजन नजर नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में केंद्र सरकार की योजनाओं को ही दोहराया गया है।

इसके अलावा, एंट्री टैक्स लगाने के फैसले पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story