केंद्र की योजनाओं का श्रेय ले रही सुक्खू सरकार : सांसद सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
केंद्र की योजनाओं का श्रेय ले रही सुक्खू सरकार : सांसद सुरेश कश्यप


शिमला, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार विकास कार्यों से अधिक उद्घाटन समारोहों और प्रचार पर ध्यान दे रही है। उन्होंने शुक्रवार को आरोप लगाया कि केंद्र की उड़ान योजना के तहत विकसित हो रही हवाई सेवाओं और हेलीपोर्टों को प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है।

उड़ान योजना के आंकड़ों का दिया हवाला

कश्यप ने कहा कि संसद में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जून 2024 तक हिमाचल में उड़ान योजना के तहत विमानन अवसंरचना के लिए 213.52 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। इनमें से 160.48 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। उन्होंने कहा कि फरवरी 2026 तक प्रदेश में योजना के तहत 38 क्षेत्रीय हवाई मार्ग परिचालित हो चुके थे और चार हेलीपोर्ट क्षेत्रीय हवाई संपर्क से जुड़ चुके थे। उनके अनुसार, ये आंकड़े केंद्र सरकार के योगदान को दर्शाते हैं।

पालमपुर हेलीपोर्ट पर भी उठाए सवाल

भाजपा सांसद ने कहा कि पालमपुर हेलीपोर्ट उड़ान योजना के तहत चिह्नित है और इसके विकास के लिए निविदाएं जारी हो चुकी हैं। हालांकि, नियमित हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होना अभी बाकी है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूछा कि पालमपुर सहित अन्य हेलीपोर्टों के निर्माण में केंद्र और राज्य का कितना वित्तीय योगदान है, कितनी राशि खर्च हुई है और कौन से कार्य पूरे हो चुके हैं। उन्होंने इन जानकारियों को सार्वजनिक करने की मांग की।

सांसदों को उद्घाटन समारोहों में सम्मान देने की मांग

कश्यप ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रमों में भाजपा सांसदों की भागीदारी और उनके नामों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित सांसदों को सार्वजनिक विकास कार्यों से अलग रखना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने मांग की कि उड़ान योजना से जुड़े कार्यक्रमों में केंद्र सरकार के योगदान का उल्लेख किया जाए और संबंधित सांसदों को उचित सम्मान मिले। कश्यप ने मुख्यमंत्री से प्रचार की राजनीति छोड़कर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर ध्यान देने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765386 Articles

Share this story