ठियोग की जनता देगी कांग्रेस की झूठी गारंटियों का जवाब : सिकंदर कुमार

WhatsApp Channel Join Now
ठियोग की जनता देगी कांग्रेस की झूठी गारंटियों का जवाब : सिकंदर कुमार


शिमला, 15 मई (हि.स.)। शिमला जिला के ठियोग में नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। चुनाव प्रचार के बीच भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए जनता के बीच मुद्दों को जोर-शोर से उठाना शुरू कर दिया है।

भाजपा सांसद और प्रदेश महामंत्री डॉक्टर सिकंदर कुमार ने शुक्रवार को ठियोग में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले जो गारंटियां दी थीं, वे अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं और जनता इसका जवाब चुनाव में देगी।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान निधि देने, रोजगार उपलब्ध करवाने और स्थानीय निकायों को मजबूत बनाने जैसे कई वादे किए गए थे, लेकिन धरातल पर लोगों को उसका लाभ नहीं मिला। उनका आरोप था कि नगर परिषद क्षेत्र में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है और प्रशासनिक कामकाज में सुस्ती दिखाई दे रही है।

सिकंदर कुमार ने कहा कि ठियोग की जनता अब केवल वादों पर भरोसा करने के बजाय काम और विकास को प्राथमिकता देना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस बार नगर परिषद चुनाव में सुशासन और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है और लोगों का समर्थन पार्टी को मिल रहा है। उनके मुताबिक, मतदाताओं में कांग्रेस की गारंटियों को लेकर नाराजगी है और इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दे सकता है।

सिकंदर कुमार ने कहा कि ठियोग के लोगों में राजनीतिक जागरूकता बढ़ी है और वे अब स्थानीय विकास, सुविधाओं और पारदर्शी कामकाज को चुनाव का मुख्य मुद्दा मान रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में भाजपा मजबूत स्थिति में है और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story