हिमाचल में 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की मंजूरी का भाजपा सांसदों ने किया स्वागत, केंद्र का जताया आभार
शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की स्वीकृति और इसके लिए 415 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता दिए जाने के निर्णय का भाजपा सांसदों ने स्वागत किया है। सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि नई पीजी सीटों से प्रदेश के युवाओं को उच्च चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि 415 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता से मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं, उपकरणों और शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार को गति मिलेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार से स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि नई सीटों से एमडी और एमएस की पढ़ाई करने के इच्छुक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। इससे चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और विशेषज्ञ प्रशिक्षण क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाना आवश्यक है। नई सीटों से विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं में प्रशिक्षित डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिसका लाभ दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच सकता है।
सांसद कंगना रनौत ने इस निर्णय को प्रदेश के युवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा में निवेश प्रदेश के भविष्य के लिए लाभकारी होगा।
वहीं, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि प्रदेश सरकार को आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाकर नई सीटें निर्धारित समय में शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब स्वीकृत योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

