भाजपा के गौरवशाली इतिहास और विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय महा प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत पाँवटा साहिब विधानसभा में जिला सिरमौर का अभ्यास वर्ग आयोजित किया गया। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के इतिहास, विचारधारा, संगठनात्मक विकास और राष्ट्र निर्माण में भाजपा की भूमिका पर विस्तार से मंथन किया गया।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का गौरवशाली इतिहास केवल चुनावी सफलताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय, सेवा, सुशासन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद जैसे मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण के संकल्प का इतिहास है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर आज भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है, जिसके 12 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। यह उपलब्धि लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग, अनुशासन, तप और अथक परिश्रम का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन ने संगठन की वैचारिक नींव को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी और सुशासन के माध्यम से साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन की वैचारिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास, सिद्धांतों और संगठनात्मक परंपराओं की जानकारी मिलती है तथा राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण और दायित्वबोध और अधिक मजबूत होता है।

इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष तोमर सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story