भाजपा चुनावी मोड में, मंगलमार को दीपकमल में कोर समिति की बैठक

WhatsApp Channel Join Now


शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर समिति की बैठक मंगलवार 7 जुलाई को भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित होगी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल करेंगे। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और हर्ष महाजन सहित प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी, विधायक एवं संगठन के प्रमुख नेता शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी संजय टंडन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, सदस्यता और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनावों की तैयारियों पर व्यापक चर्चा होगी। साथ ही प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ पार्टी के आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।

भाजपा इस बैठक के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने की रणनीति पर अंतिम रूप देगी। माना जा रहा है कि कोर समिति की यह बैठक आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की दिशा तय करने के साथ कार्यकर्ताओं के लिए स्पष्ट संदेश और संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने का आधार बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story