पेंशनर धरने पर और सरकार चुप : डॉ. सीमा ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
पेंशनर धरने पर और सरकार चुप : डॉ. सीमा ठाकुर


मंडी, 18 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सीमा ठाकुर ने कहा कि हर जिले में पेंशनर धरने पर हैं, लेकिन सरकार को उनकी आवाज सुनाई नहीं दे रही। डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में करीब पौने दो लाख पेंशनर हैं। अकेले मंडी और कुल्लू में ही 30 हजार से ज्यादा पेंशनर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को आज तक संशोधित पेंशन का एरियर, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और कम्यूटेशन का लाभ नहीं मिला। मेडिकल बिल भी अटके पड़े हैं। महंगाई भत्ते की किस्तों और एरियर को लेकर भी भारी नाराजगी है।

डॉ. सीमा ठाकुर ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि कई कर्मचारी इन लाभों का इंतजार करते-करते दुनिया से चले गए और अब उनके परिवार दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। बोर्ड और निगमों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी पेंशन व अन्य लाभों के भुगतान में परेशानी हो रही है। उन्होंने याद दिलाया कि 2006 में पांचवें वेतन आयोग का लाभ लागू हुआ था और 2007 में सत्ता बदलने के बाद अगली सरकार ने पिछली सरकार के देय वित्तीय लाभों का भुगतान किया था। छठे वेतन आयोग की सिफारिशें 2016 से संबंधित थीं और जनवरी 2022 से संशोधित वेतनमान लागू हुआ था। ऐसे में सरकार को पुरानी परंपरा निभानी चाहिए।

डॉ. सीमा ठाकुर ने मांग की कि 2016 से 2022 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित वित्तीय लाभ, ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, कम्यूटेशन और मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। लंबित महंगाई भत्ते पर स्पष्ट निर्णय लिया जाए, बोर्ड-निगमों के पेंशनरों की समस्याएं सुलझाई जाएं और पेंशनर संगठनों से तत्काल वार्ता कर समयबद्ध समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में भाजपा पेंशनरों के साथ खड़ी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story