12 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे नड्डा, 12-13 जून को शिमला दौरे पर रहेंगे केंद्रीय मंत्री

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 10 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी विश्वास के विकास के 12 वर्ष, गरीब कल्याण के 12 वर्ष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 12 और 13 जून को दो दिवसीय प्रवास पर शिमला पहुंचेंगे।

डॉ. बिंदल ने बताया कि 12 जून को प्रातः 9 बजे नड्डा स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। इसके बाद प्रातः 10 बजे पीटरहॉफ, शिमला में आयोजित कार्यक्रम में वे समाज के विभिन्न वर्गों को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प को विस्तार से प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उसी दिन सायंकाल नड्डा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों, विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इस बैठक में मोदी सरकार की उपलब्धियों, देश के विकास और बदलते भारत की तस्वीर पर चर्चा होगी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि 13 जून को केंद्रीय मंत्री मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इसके अतिरिक्त वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को मिली विकासात्मक सौगातों, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, सुरंगें और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाएं शामिल हैं, से जुड़े विकास स्थलों का भी दौरा करेंगे। इस दौरान वे पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश के लिए यह गौरव और सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम अध्याय है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व आर्थिक प्रगति की है। करोड़ों गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है, भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा नई ऊंचाइयों तक पहुंची है और आतंकवाद, उग्रवाद तथा अलगाववाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर देश को अधिक सुरक्षित बनाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story