हिमाचल के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी भाजपा


हिमाचल के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी भाजपा


शिमला, 11 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और जनजागरण गतिविधियां शामिल होंगी। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील नेगी ने बुधवार को शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में देशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है।

सुनील नेगी ने कहा कि 15 नवंबर को महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाएगी। बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष के जीवन में ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया और जनजातीय समाज को संगठित किया। उनके नेतृत्व में चला उलगुलान आंदोलन अन्याय, शोषण और विदेशी शासन के खिलाफ जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बना। उनका संघर्ष आज भी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई। देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं, जो कुल आबादी का करीब 8.6 प्रतिशत हैं। देश में 700 से अधिक जनजातीय समुदाय और 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह हैं।

नेगी ने कहा कि सप्ताह के दौरान युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के इतिहास और योगदान से परिचित करवाने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न जनसंपर्क माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनजातीय मोर्चा के प्रदेश, जिला व मंडल स्तर के कार्यकर्ता इन आयोजनों में भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए योजनाएं चला रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना हुई थी। हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और छात्रवृत्ति योजनाओं से जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास की सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नेगी ने प्रदेशवासियों से कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775177 Articles

Share this story