कांग्रेस जीतने पर चुनाव आयोग सही, हारने पर वोट चोरी का आरोप लगाती है : श्रीकांत शर्मा
शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन चुनावों में कांग्रेस जीतती है, वहां चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन हार मिलने पर पार्टी वोट चोरी के आरोप लगाने लगती है। राहुल गांधी को अपने राजनीतिक रुख पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
श्रीकांत शर्मा ने हैदराबाद में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान विदेशी प्रतिनिधि की ओर से लगाए गए 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे और इस पर राहुल गांधी की कथित प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने बुधवार को एक बयान में कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। भारत की चुनावी व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगाने के बजाय ठोस प्रमाण सामने रखे जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में कांग्रेस की सरकारें उसी चुनाव आयोग की व्यवस्था के तहत बनी हैं, जिसकी विश्वसनीयता पर राहुल गांधी सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस को बताना चाहिए कि इन राज्यों में जीत मिलने पर चुनाव आयोग सही और हार मिलने पर उसी पर वोट चोरी के आरोप क्यों लगाए जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे को राजनीतिक सिद्धांत मानती है तो क्या इसे अपनी सरकारों पर भी लागू करेगी?
भाजपा प्रभारी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की बयानबाजी से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कांग्रेस को भारत की तुलना बांग्लादेश, पाकिस्तान और नेपाल की राजनीतिक परिस्थितियों से करने वाली बयानबाजी से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लोकतांत्रिक व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर शिकायत होने पर कांग्रेस को प्रमाणों के साथ चुनाव आयोग और न्यायिक संस्थाओं के समक्ष अपना पक्ष रखना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से विदेशी मंचों और राजनीतिक नारों के बजाय देश की जनता के बीच काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के बनाए संविधान से चलता है, किसी राजनीतिक दल के अहंकार से नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

