हमीरपुर भाजपा ने बनाई संगठन को सक्रिय करने की रणनीति
हमीरपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक आज जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी मंडल अध्यक्षों तथा विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के संयोजकों ने भाग लिया। बैठक में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन की कार्यप्रणाली को और अधिक व्यवस्थित, प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि 17 नवंबर को पालमपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा संगठन को बूथ, मंडल, विधानसभा एवं जिला स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया था। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप जिला हमीरपुर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त विधानसभा प्रभारियों, मोर्चों के प्रभारियों, जिला अध्यक्ष, महामंत्रियों तथा जिला प्रभारी एवं सह-प्रभारी के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए पहले जिला स्तर पर और उसके बाद मंडल स्तर पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी। प्रभारी एवं सह-प्रभारी के दायित्व भी स्पष्ट रूप से निर्धारित किए जाएंगे, ताकि राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों की अलग-अलग जिम्मेदारी तय कर उनकी नियमित समीक्षा की जा सके।
बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक दृष्टि से कार्यकर्ताओं की विस्तृत सूची तैयार करने पर भी जोर दिया गया। इसमें ऐसे कार्यकर्ताओं की पहचान की जाएगी जो चुनावी एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने, संगठनात्मक गतिविधियों में निष्क्रिय जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की समीक्षा करने तथा जहां आवश्यक हो वहां दायित्वों में बदलाव के सुझाव देने पर चर्चा हुई। इसी प्रक्रिया में मोर्चों के जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों की सक्रियता की भी समीक्षा की जाएगी। मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों के कार्यों का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक समन्वय की दृष्टि से ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने की बात कही गई जिनके संबंध में विशेष संवाद एवं समन्वय की आवश्यकता है। पंचायतीराज संस्थाओं के पिछले चार चुनावों अर्थात 2010 से अब तक के चुनाव परिणामों के आधार पर जीते और हारे हुए प्रत्याशियों का विवरण भी संकलित किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अनुभवों का व्यवस्थित आकलन किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

