हिमाचल में निकाय-पंचायत चुनाव के लिए भाजपा ने बनाई अनुशासन समिति
शिमला, 03 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के भीतर अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने स्पष्ट किया है कि चुनावों के दौरान किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कड़ी कार्रवाई होगी।
इसी उद्देश्य से भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने एक विशेष अनुशासन समिति का गठन किया है, जो पूरे राज्य में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेगी। यह समिति चुनावों के दौरान पार्टी के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पार्टी विरोधी गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की सिफारिश करेगी।
इस समिति में वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें राज्यसभा सांसद और प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी और प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलबीर वर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और सिद्धांत आधारित संगठन है, जहां व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा या अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण, प्रचार-प्रसार और संगठन से जुड़े किसी भी फैसले के खिलाफ बगावत या विरोध को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन की मर्यादा का पालन करें और सामूहिक नेतृत्व की भावना के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और अनुशासन बनाए रखना भी है।
डॉ. बिंदल ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति पार्टी अनुशासन को चुनौती देगा, उसे किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा और नियम सभी पर समान रूप से लागू होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

