जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें सुक्खू : सुरेश कश्यप

WhatsApp Channel Join Now
जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें सुक्खू : सुरेश कश्यप


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर विधानसभा में की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद बढ़ गया है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने मंत्री के बयान की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। कश्यप ने कहा कि सेना के शौर्य और देश की रक्षा क्षमताओं पर सवाल उठाने वाली भाषा किसी जिम्मेदार मंत्री को शोभा नहीं देती।

ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

सुरेश कश्यप ने कहा कि जगत सिंह नेगी ने विधानसभा में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के बजाय भारत के छक्के छूट गए। उन्होंने इस टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे भारतीय सशस्त्र सेनाओं के मनोबल को ठेस पहुंचती है। कश्यप ने आरोप लगाया कि मंत्री का बयान देशद्रोही मानसिकता का परिचायक है और राजनीतिक विरोध में उन्होंने सभी मर्यादाएं लांघ दी हैं।

राजनीतिक विरोध में सेना के पराक्रम पर टिप्पणी स्वीकार्य नहीं

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का राजनीतिक विरोध करने का पूरा अधिकार है। इसके बावजूद राजनीतिक मतभेदों के नाम पर भारतीय सेना के पराक्रम और देश की रक्षा क्षमताओं का उपहास उड़ाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है। प्रदेश के हजारों जवान देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अनेक सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे में प्रदेश के मंत्री की टिप्पणी सैनिक परिवारों की भावनाओं को आहत करने वाली है।

मुख्यमंत्री से कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग

भाजपा सांसद ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा कि क्या उनकी सरकार जगत सिंह नेगी के बयान से सहमत है? यदि सरकार इस टिप्पणी से सहमत नहीं है तो मुख्यमंत्री मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं? कश्यप ने मांग की कि मुख्यमंत्री जगत सिंह नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। साथ ही मंत्री को देश की जनता और सैनिक परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी इस विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story