अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर हिमाचल भाजपा ने पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर हिमाचल भाजपा ने पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में दी शिकायत


शिमला, 24 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल भाजपा ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर पुलिस में शिकायत दी है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, डी.एस. ठाकुर और दिलीप ठाकुर ने सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के माध्यम से पुलिस अधीक्षक शिमला को लिखित शिकायत सौंपकर पवन खेड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

राकेश जमवाल ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा ने सार्वजनिक रूप से अमित शाह के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री जैसे सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा उचित नहीं है।

जमवाल ने कहा कि भाजपा ने पुलिस से मामले की जांच करने और भारतीय न्याय संहिता तथा जांच में लागू होने वाले अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी संबंधित वीडियो, सोशल मीडिया सामग्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध करवाएगी।

शिकायत में संबंधित बयान के मूल और असंपादित वीडियो तथा ऑडियो सुरक्षित करने, सोशल मीडिया पोस्ट को संरक्षित करने और पूरे बयान के संदर्भ की जांच करने की मांग की गई है। भाजपा ने इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्यों को कानूनी तरीके से सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया है। जमवाल ने कहा कि जांच में संज्ञेय अपराध के आवश्यक तत्व पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विवाद वंदे मातरम् को लेकर अमित शाह के बयान के बाद सामने आया। जमवाल ने वंदे मातरम् को स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा राष्ट्रगीत बताते हुए कहा कि इस विषय पर राजनीतिक बहस हो सकती है, लेकिन जवाब व्यक्तिगत टिप्पणी से नहीं दिया जाना चाहिए।

जमवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, मुख्यमंत्री या किसी अन्य सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति की नीतियों और फैसलों की आलोचना की जा सकती है, पर व्यक्तिगत अपमान से बचना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story